महेवा विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत नगला कले के बीहड़ में प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत किसान द्वारा अपने खेत में तालाब योजना के तहत खुदवाए गए तालाब का सीडीओ ने निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सब्सिडी के बारे में जानकारी ली।
नगला कले के किसान नरेंद्र यादव ने बीहड़ के खेत में सिंचाई योजना के तहत साढ़े तीन फुट गहरा तालाब खुदवाया है। इसमें लगभग एक लाख खर्चा आया है जिसमें किसान को 52 हजार रुपये की सब्सिडी शासन द्वारा मिलेगी।
शेष धनराशि किसान खर्च करेगा। मंगलवार दोपहर सीडीओ राजा गणपति आर ने निरीक्षण किया और भूमि संरक्षण अधिकारी प्रमोद कुमार से जानकारी ली। उन्होंने अन्य तालाबों को मनरेगा के तहत खुदवाने को कहा।
इस तालाब से किसान एक हेक्टेयर खेत की सिंचाई स्प्रिंक्लर सैट से कर सकता है। इस तालाब में बरसात का पानी एकत्रित होगा, अब सिंचाई को लिए कोई दिक्कत किसानों को नहीं होगी। इस दौरान भूमि संरक्षण निरीक्षक नंदकिशोर पांडेय, सहायक भूमि संरक्षण निरीक्षक मनोज कुमार व सुखबीर सिंह उपस्थित रहे।