सीबीएसई बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का मंगलवार को कई विद्यालयों में सम्मान किया गया। गुरुजनों से सम्मान मिलने पर मेधावी छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में शहर के सुदिति ग्लोबल एकेडमी के छात्रों ने प्रथम सत्र में ही बेहतर प्रदर्शन किया।
विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। यहां के छात्र अभिषेक सिंह ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करके विद्यालय टॉप किया। साथ ही जिले की टॉपटेन सूची में आठवां स्थान पाया। मंगलवार को कालेज प्रशासन की ओर से सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
गणित वर्ग में नीरज कुमार, रवि शुक्ला एवं अनुराग यादव ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कॉमर्स वर्ग में मनु सिंह ने 85.2 प्रतिशत, अर्पणा यादव ने 82.2 तथा नवीला ने 80.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। प्रबंधक सतीश यादव ने बताया कि विद्यालय के कुल 155 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए थे।
दो बच्चों ने परीक्षा बीच में ही छोड़ दी। 153 बच्चों ने बेहतर प्रदर्शन किया। मेधावी छात्र-छात्राओं का प्रबंधक सतीश यादव के साथ प्रधानाचार्य कमल कुमार ने स्वागत किया। माला पहनाकर उनका मुंह मीठा कराया और उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
सैफई क्षेत्र के एसएस मेमोरियल सीनियर सेकेंड्री पब्लिक स्कूल का भी परीक्षा परिणाम बेहतर होने पर मेधावी बच्चों का स्वागत किया गया। विद्यालय के कुल 52 स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें 10 स्टूडेंट्स ने 80 प्रतिशत से ऊपर अंक प्राप्त किए।
रोहित यादव ने भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। छात्राओं में अल्फीसा, सुजाता दिनकर, महजबी एवं शिखा चौहान ने बेहतर प्रदर्शन किया। छात्रों में अवलेंद्र कुमार, अंशुल कुमार, रिषभ कुमार, रिषभ पांडेय, देवाशीष यादव ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव, निदेशक आदित्य यादव, उप प्रबंधक सरला देवी, कार्यवाहक प्रबंधक कर्मराज सिंह यादव ने बच्चों को आशीर्वाद दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एसएन यादव ने मेधावी बच्चों को पुरस्कृत किया।
इस दौरान विद्यालय के शिक्षक रंजन वर्मा, अखिलेश यादव, धीरेंद्र यादव, शिवेंद्र कुमार, आशुतोष पांडेय, विश्वनाथ, अरुणा दीक्षित, विनय यादव एवं प्रशासनिक अधिकारी नागेंद्र सिंह चौहान मौजूद रहे। ज्ञान स्थली की छात्रा अंजली शाक्य का भी स्कूल टाप करने पर सम्मान किया गया।