इटावा। नगरीय क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. रामयश सिंह ने बुधवार देर शाम को थाना परिसर में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र में बालिका कॉलेज के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाएं। मनचलों पर प्रभावी नकेल कसें।
एएसपी ने कहा कि हर रोज वाहन चेकिंग की जाए। लंबित विवेचनाओं का जल्द निस्तारण हो। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए अभियान जारी रखें। एएसपी ने कहा कि यदि क्षेत्र में होने वाले अपराध पर अंकुश नहीं लगा तो इसके लिए क्षेत्र के दरोगा जिम्मेदार होंगे।
उन्होंने कहा कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हो। पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए। पुलिस जनता से अच्छा व्यवहार करें। ताकि फरियादी पुलिस के सामने सहजता से समस्या को रख सके। एएसपी सिटी ने थाना के मालखाना, शस्त्रागार, अपराध रजिस्टर आरोपपत्र, रजिस्टर केस डायरी, 100 नंबर डायल रजिस्टर को देखा। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, बलरई प्रभारी निरीक्षक देवेश शुक्ला, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कर्मवीर सिंह तालान, उपनिरीक्षक देवीचरन शाहू आदि मौजूद रहे।