इटावा। विकास भवन में कार्यरत कनिष्ठ सहायक की पत्नी को आत्महत्या के लिए कथित रूप से उकसाने के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
विकास भवन में कार्यरत कनिष्ठ सहायक सौरभ द्विवेदी ने थाना पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी कोमल शर्मा को चार नामजद लोग लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोपी उसके पुराने दोस्त हैं, उसे ब्लैकमेल कर रहे थे और पुरानी बातों को ससुराल पक्ष के सामने उजागर करने की धमकी दी जा रही थी। इस मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर कोमल शर्मा ने 20 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले कोमल शर्मा ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने अभिषेक सिंह, शबीना खान, रुबीना और रितेश पर मानसिक प्रताड़ना, ब्लैकमेल करने और ससुराल पक्ष को पुरानी बातें बताने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने शनिवार दोपहर मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह निवासी शिवनगर भगवानपुर थाना रावतपुर, कानपुर नगर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। फरार चल रहे अन्य तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।(संवाद)