आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 126 के पास शनिवार सुबह कोहरे के कारण प्राइवेट बस में पीछे से कंटेनर ने टक्कर मार दी। जान बचाने के लिए बस की खिड़की से उतरे दो युवकों को पीछे से आ रही दूसरी बस ने कुचल दिया।
कोहरे के चलते दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से दो कारें और भिड़ र्गइं। हादसे में घायल एक महिला की भी मौत हो गई। 12 लोग घायल हो गए। ऊसराहार पुलिस व यूपीडा कर्मियों ने घायलों को सैफई पीजीआई में भर्ती कराया।
एक्सप्रेसवे से शनिवार तड़के एक निजी बस राजस्थान से बिहार जा रही थी। ऊसराहार क्षेत्र के चैनल नंबर 126 के पास सुबह करीब नौ बजे बस रुकी। बस में करीब 65 सवारियां थीं। बस से कुछ यात्री दैनिक कार्य के लिए नीचे उतरे। इसके बाद यात्री को लेकर बस जैसे ही मेनलाइन में पहुंची, पीछे से आ रहे कंटेनर ने बस में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस डिवाइडर से टकरा गई। बस में सवार दो युवक खिड़की से उतरकर नीचे भागे तो पीछे से आ रही दूसरी बस दोनों को कुचलते हुए दुघर्टनाग्रस्त बस से भिड़ गई। दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बस में सवार यात्री संभल ही रहे थे कि तभी पीछे से आ रही दो और कारें दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में जा घुसीं। हादसा देख आसपास मौजूद ग्रामीण मदद को दौड़े और जानकारी पुलिस व यूपीडा कर्मियों को दी।
बस में सवार 13 घायलों को सैफई पीजीआई भेजा गया। यहां इलाज के दौरान बिहार के रोहतास निवासी मुकेशा देवी (66) की मौत हो गई। वह बस में खिड़की की तरफ बैठीं थीं। एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि मृतक युवकों की पहचान अजीत (25) निवासी मक्सर, जिला बिहार व ज्ञानू (26) निवासी मंझनपुर जनपद कौशांबी के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।
आधे घंटे लगा जाम
हादसे के बाद आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया। क्षेत्राधिकारी भरथना चंद्रपाल सिंह यादव, ऊसराहार थानाध्यक्ष अमरपाल सिंह व यूपीडा के अधिकारी ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइवे से हटवाया। इसके बाद आधे घंटे से लगा जाम खुल सका।
ये हुए घायल
1-देवानंद पुत्र रामपूजन निवासी थाना चरपोखरी जिला भोजपुर बिहार
2-सुनील पुत्र रामप्रसाद निवासी बैरथ थाना जिला आरा बिहार
3-उषा देवी पत्नी रामप्रसाद निवासी वैरथ थाना जिला आरा बिहार
4-आरती पुत्री रामप्रसाद निवासी वैरथ थाना जिला आरा बिहार
5- राकेश पुत्र रामप्रवेश निवासी रामपुर थाना गोरारी जिला रोहतास बिहार
6- जयमंगल पुत्र राम आसरे राय निवासी थाना काराकट जिला रोहतास बिहार
7- अजीत पुत्र शिवराम निवासी गुलापुरा जनपद इलाहबाद
8- अजय पुत्र राजनाथ निवासी बारी महेवा थाना जिला सोनभद्र
9- रामादेवी पत्नी सुवराम निवासी गोपीगंज. भदोही
10- पवन कुमार निवासी आरा बिहार
11- नागेंद्र निवासी खजनी रोहतास बिहार
12- अनीता कुमारी पता अज्ञात
फोटो संख्या:20- रेलिंग में घुसा कंटेनर।
फोटो संख्या 21- दुघर्टनाग्रस्त बस को हाइवे से हटाती क्रेन।
फोटो संख्या 22- यात्रियों से जानकारी करती पुलिस।