इटावा। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सोमवार तड़के चालक को झपकी आने से ट्रक डिवाइडर से टकरा कर पुल पर लटक गया। हादसे में चालक, हेल्पर समेत सभी चारों पशु व्यापारी घायल हुए हैं। सभी को सैफई ले जाया गया, एक भैंस की मौत हो गई।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के कौआ रम्पुरा से रूर गांव को जाने वाली सड़क के ऊपर गुजरे एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 124 पर पुल बना है। सोमवार तड़के तीन बजे इसी जगह एक ट्रक पुल की रेलिंग पर चढ़कर लटक गया। यह हादसा आगरा निवासी चालक रामनरेश पुत्र दाताराम को झपकी आने से हुआ।
इस ट्रक से फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना के नगला पंचम गांव निवासी पशु व्यापारी जय किशोर पुत्र मुन्नालाल, छोटेलाल पुत्र रघुवीर सिंह व अंकित कुमार पुत्र शैलेश कुमार और फिरोजाबाद जिले के ही थाना व गांव नसीरपुर के पशु व्यापारी सतीश चंद्र पुत्र जयवीर सिंह फैजाबाद से 11 भैंसें खरीद कर ला रहे थे। इन व्यापारियों ने बताया कि वे ये भैंसें सिरसागंज पशु बाजार में बेचने ले जा रहे थे। रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।
पशु व्यापारियाें ने बताया कि चालक को झपकी आने से ट्रक हाईवे के डिवाइडर से टकराकर पुल की रेलिंग पर चढ़ गया। यहां हाईवे पर सड़क के ऊपर बने पुल की आने वाली लेन के मध्य में खाली जगह है। जिस जगह ट्रक पुल की रेलिंग पर चढ़ा। वहां काफी नीचे कौआ रम्पुरा वाली सड़क गुजरी है। यदि ट्रक नीचे गिरता तो और हादसा गंभीर हो सकता था।
इस हादसे में ट्रक में बैठे सभी लोगों चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर यूपीडा कर्मचारी एएसओ फूल सिंह, कमलेश कुमार, रविंद्र कुमार व विपिन कुमार मौके पर पहुंचे और घायलों को सैफई मिनी पीजीआई पहुंचाया। कर्मचारियों ने पशु व्यापारियों के परिजनों को सूचित कर दिया।
परिजनों ने आकर हादसे के शिकार ट्रक से सभी घायल भैंसों को उतार कर एक अन्य ट्रक में लादा और लेकर चले गए जबकि मरी हुई भैंस उसी ट्रक में छोड़ गए।