इटावा। नेशनल हाईवे-2 में एक वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार महिला, उसका पति व बेटा अनियंत्रित होकर गिर गए। वाहन महिला को कुचलता हुआ निकल गया। तीनों रिश्तेदार के बेटे की लगन में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, बाइक चालक पति ने हेलमेट नहीं पहना था।
गुरुवार को इटावा के पक्काबाग निवासी अरविंद तिवारी के रिश्तेदार डा. राकेश चौधरी के बेटे की लगन बुआपुर इकदिल में थी, जिसमें शामिल होने वह 55 वर्षीय पत्नी सरोज देवी व बेटे मनु के साथ बाइक से जा रहे थे। फूफई-चांदनपुर गांव के सामने नेशनल हाईवे-2 पहुंचने पर पीछे से एक वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गिर गए। वाहन महिला को कुचलता हुआ मौके से भाग निकला। वहीं अरविंद व मनु घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, उनके परिजनों को जानकारी देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरोज की मौत से जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं रिश्तेदार के वहां आयोजित कार्यक्रम भी टल गया।