इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के नगला कैलामऊ में रविवार देर शाम एक महिला की एक्सपेलर मशीन की चपेट में आकर मौत हो गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बसरेहर थाना क्षेत्र के नगला कैलामऊ निवासी 52 वर्षीय यशोदा देवी घर में अपनी बेटी आरती के संग सरसों के तेल की पिराई मशीन (एक्सपेलर) चलाती थीं। रविवार देर शाम लगभग आठ बजे एक्सपेलर चल रहा था। इसमें यशोदा देवी की साड़ी फंस जाने से उसका हाथ मशीन में चला गया और वह अनियंत्रित हो गईं। इसके बाद मशीन में सिर चले जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटी के चीखने-चिल्लाने पर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय पर भेजा। यशोदा देवी के पति की कुछ साल पहले मृत्यु हो गई थी जिससे अब बेटी आरती अनाथ रह गई है।