इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-2 पर इकदिल पेट्रोल पंप के पास दोपहर के समय एक ऑटो में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। ऑटो पलटने से ड्राइवर दबकर घायल हो गया। आनन-फानन में राहगीरों ने उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया।
कोतवाली क्षेत्र के करनपुरा छैराहा के रहने वाले ऑटो ड्राइवर शादी लाल (46) शुक्रवार की दोपहर इटावा शहर से एक व्यापारी का सामान अपने ऑटो में लादकर कस्बा इकदिल छोड़ने आ रहा था। दोपहर करीब तीन बजे के आसपास जैसे ही शादी लाल ऑटो लेकर इकदिल हाइवे पर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ऑटो हाइवे पर पलट गया और साथ ही ड्राइवर भी दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में आसपास के दुकानदारों व राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर घायल की मदद में जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष मदन गोपाल गुप्ता ने घायल ऑटो ड्राइवर को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।