इकदिल नेशनल हाईवे टू पर मस्जिद के सामने एक हाथ ठेला सब्जी विक्रेता को डंपर ने कुचल दिया
- फोटो : ETAWHA
इटावा। लॉकडाउन के चलते साइकिल मरम्मत का काम छोड़ सब्जी बेचने निकले ग्रामीण को एक तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया। हाईवे को पार करते समय उसका बेटा भी साथ में था जो इस हादसे में बाल-बाल बच गया। डंपर में फंसे शव को करीब ढाई घंटे बाद निकाला जा सका। डिवाइडर पर चढ़ने से डंपर के अगले पहिये निकल गए। इससे वह रुक गया और चालक भाग गया।
इकदिल कस्बा के बजरिया मोहल्ला निवासी रामचंद्र कठेरिया (45) पुत्र श्रीराम कस्बे में ही साइकिल मरम्मत की दुकान किए हुए थे। लॉकडाउन की वजह से दुकान बंद पड़ी थी। लिहाजा वे सब्जी बेचकर परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। रोज की तरह वे हथठेले पर सब्जियां रखकर हाईवे के दूसरी तरफ बस्ती में बेचने जा रहे थे। 17 साल का बेटा केशव भी उनके साथ था। सोमवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे कस्बे की मस्जिद के सामने हाईवे पार करते वक्त कानपुर की ओर से आए एक तेज रफ्तार डंपर ने ठेले में टक्कर मारी। टक्कर से ठेला दूर जाकर गिरा और रामचंद्र डंपर के नीचे आ गए। डंपर लहराते हुए डिवाइडर पर चढ़ गया। अगले पहिये निकल जाने से वह वहीं खड़ा हो गया। मौका पाकर चालक भाग गया। रामचंद्र का शव डंपर के नीचे फंसा रहा। सुबह करीब 10 बजे क्रेन से डंपर के हटने पर शव को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे को लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी भी रही।