ऊसराहार (इटावा)। गाजियाबाद से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे सिंचाई विभाग के कर्मचारी की कार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में सिंचाई विभाग के कर्मचारी की मौत हो गई। पत्नी, दो बेटों समेत चार घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सहरसा बिहार के लगमा निवासी मोहम्मद जुबरैल बिहार में सिंचाई विभाग में नौकरी करते थे। वह पत्नी हिना परवीन, बेटे मोहम्मद मुस्तफा, मोहम्मद शहनाज व बेटी हाजरा खातून के साथ भाई के विवाह समारोह में शामिल होने गाजियाबाद गए थे। वहां से रविवार को रात सभी कार से वापस बिहार जा रहे थे। देर रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दीघ गांव के पास ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
हादसे में सिंचाई कर्मी मोहम्मद जुबरैल की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी, बेटी व तीनों बच्चे घायल हो गए। पुलिस और यूपीडा के कर्मचारियों ने घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी पहुंचाया। थाना प्रभारी अमरपाल सिंह ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक व चालक की तलाश की जा रही है।