इटावा। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर चौबिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को खड़े ट्रक में प्राइवेट स्लीपर बस ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्रक चालक व यूपीडा के कर्मचारी की मौत हो गई। बस पर सवार 12 यात्री घायल हो गए। एक यात्री को गंभीर हालत में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया है। बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बस से दिल्ली रवाना कर दिया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने पर डेढ़ घंटे बाद यातायात व्यवस्था सुचारु र्हुई।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चौबिया थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 123 के पास आगरा की तरफ जा रहा तेज रफ्तार ट्रक का टायर अचानक फट गया। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। सूचना पाकर पहुंची यूपीडा की टीम क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कराया। इसके बाद क्रेन से टोचिंग कर क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की तैयारी की जा रही थी, तभी लखनऊ की तरफ से आ रही प्राइवेट स्लीपर बस ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे सौरिख कन्नौज के सिकंदरपुर निवासी यूपीडा कर्मचारी शेर सिंह (29) और ट्रक पर ड्राइविंग सीट पर बैठे मध्यप्रदेश के दतिया जिले में गोरा घाट थाना निवासी चालक वीरेंद्र बघेल (26) की मौत हो गई। जबकि, बस पर सवार कृष्णा नगर दिल्ली निवासी अविरल कुमार समेत 12 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अविरल को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया है।
बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बस से दिल्ली भेज दिया गया। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। चौबिया थाना प्रभारी अंकुश कुमार राघव ने बताया कि मृतकों के परिजनों की तहरीर पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।
मृतक वीरेंद्र बघेल- फोटो : ETAWAH