इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नगला पीर गांव में डीपीएस स्कूल के पास डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार अभय उर्फ किशन (7) की मौत हो गई। उसके माता-पिता घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। चालक फरार हो गया है।
फिरोजाबाद के जसराना नगला केतन गांव निवासी विष्णु दयाल बुधवार को बाइक से पत्नी नीरज देवी को इलाज के लिए इटावा शहर में एक डॉक्टर को दिखाने के लिए आ रहे थे। उनके साथ सात वर्षीय बेटा नीरज भी था। नगला पीर गांव स्थित डीपीएस स्कूल के पास पहुंचते ही कानपुर से आगरा की ओर उल्टी दिशा में जा रहे डंपर ने बाइक में मार दी।
हादसे में दंपती व उनका बेटा घायल हो गए। सूचना मिलने पर नगला उदय निवासी विष्णु दयाल के ससुराल वाले मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने किशन को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक घायल नीरज देवी की हालत गंभीर है। थाना प्रभारी नवरत्न गौतम ने बताया कि हादसे के बाद चालक मौके पर डंपर छोड़कर भाग गया। डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। घायल की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।