इटावा। थाना चौबिया क्षेत्र के अंतर्गत बरालोकपुर में जब सभी लोग दीपावली का त्योहार मना रहे थे तभी अचानक एक मकान में आग लग गई। पीड़ित के अनुसार आग में गृहस्थी का लगभग तीन लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका। आशंका है कि आतिशबाजी की चिंगारी किसी प्रकार खिड़की से अंदर पहुंच गई जिससे यह घटना हो गई।
दीपावली की रात बरालोकपुर कस्बा निवासी अनार सिंह यादव के मकान की तीसरी मंजिल पर शनिवार रात आग लग जाने से सारा सामान जलकर राख हो गया। परिवार का कोई व्यक्ति घर पर मौजूद नहीं था। पड़ोसियों ने तीसरी मंजिल पर आग लगी देखी तो इसकी सूचना उनको दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे। पीड़ित अनार सिंह के पुत्र कमलेश यादव ने बताया कि कमरे में रखा बेड, ड्रेसिंग टेबल, कूलर, रजाई-गद्दे, बच्चों के कपड़ों के साथ ही लोहे की अलमारी में रखे तोड़ियां, करधनी, झाले, जंजीर मंगलसूत्र व लगभग 15 हजार की नगदी जलकर राख हो गई।
आसपास के पड़ोसियों ने पानी डालकर आग पर किसी तरीके से काबू पाया, लेकिन तब तक सारा सामान जलकर राख हो चुका था। कमलेश यादव ने कि बताया इस आगजनी में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका, लेकिन आशंका है कि पटाखे की चिंगारी जंगले से अंदर आ गई होगी जिससे आग लग गई।