इटावा। भाई दूज पर बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस घटना में बिना हेलमेट लगाए 28 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो युवक घायल हो गए। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरेली हाईवे पर ग्राम उदयपुरा के पास सोमवार देर शाम यह घटना हुई।
चौबिया थाना क्षेत्र के ग्राम फर्दपुरा निवासी 25 वर्षीय मंजेश कुमार यादव पुत्र अजब सिंह की बाइक में फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुरा बरेली हाईवे के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम विशुनपुर निवासी घायल संटू यादव पुत्र रघुवीर सिंह ने बताया कि वह भाई दूज पर अपने मौसा मंजेश व चचेरे भाई राहुल पुत्र रिशिपाल के साथ बहन के घर से लौट रहा था। ट्रक की बाइक में टक्कर की आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रक चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया और एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। संटू ने बताया कि मंजेश ने दीपावली पर ही नई बाइक खरीदी थी जिससे ही वे लोग बहन के घर गए थे। मंजेश किसानी करता था जिसके पीछे दो बच्चे व पत्नी सहित परिजन बिलखते रह गए हैं। पुलिस की सूचना पर परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए थे।