फोटो 12::::कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रशासनिक भवन में धरना देते एबीवीपी कार्यकर्ता। स्रोत स्वय
इटावा। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने छात्रों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कॉलेज और हॉस्टल में फैली अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई।
कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने कॉलेज प्रशासन को 10 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की गई। परिषद ने कहा कि छात्र लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। छात्रों ने चेतावनी दी कि 15 दिनों में समस्याओं का समाधान न होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में स्वच्छ पेयजल, वाटर कूलर, बाथरूमों की नियमित सफाई और मरम्मत की मांग की गई। हॉस्टल में खराब लाइटों को दुरुस्त करने और परिसर में प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने की बात कही गई। मेस में भोजन की गुणवत्ता सुधारने, प्राथमिक उपचार और वार्डन की मौजूदगी की भी मांग रखी गई। क्लास रूम में बेहतर फर्नीचर, जर्जर हॉस्टल भवनों की मरम्मत और प्रयोगशालाओं के नवीनीकरण की मांग भी शामिल थी। कॉलेज के डीन डॉ. देवेंद्र सिंह ने छात्रों से ज्ञापन लिया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।