यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन का कार्य बुधवार को नगर स्थित जीआईसी व जसवंतनगर के हिंदू विद्यालय इंटर कालेज केंद्र पर शुरू हो गया। जीआईसी में हाईस्कूल की 258695 कापियां और जसवंतनगर स्थित हिंदू विद्यालय इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की 277883 कापियों का मूल्यांकन किया जाएगा। जिले के दोनों केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की कुल 5 लाख 36 हजार 578 कापियां जांची जाएंगी।
इस कार्य के लिए 160 उप प्रधान परीक्षक (डीएचई) और 1556 परीक्षक लगाए गए हैं। मूल्यांकन कार्य 15 दिन चलेगा। पहले दिन जीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर करीब 50 फीसदी डीएचई और परीक्षक नहीं आए। कई उप प्रधान परीक्षकों ने मॉडल के तौर पर 20-20 कांपियाें का मूल्यांकन किया। हाईस्कूल की कापियों के लिए 81 व इंटरमीडिएट के लिए 79 डीएचई और क्रमश: 807 व 749 परीक्षक लगाए गए हैं।
जिले में हाईस्कूल की हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, गृह विज्ञान, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, प्राथमिक गणित, वाणिज्य, चित्रकला, कृषि व कंप्यूटर विषय की कापियां मूल्यांकन के लिए भेजी गई है। जीआईसी केंद्र पर मूल्यांकन कार्य के लिए 30 कमरों में व्यवस्था की गई है। पहले दिन तकरीबन आधे डीएचई व परीक्षक नहीं पहुंचे। जो डीएचई आए, उनमें से कई ने मॉडल के रूप में 20-20 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया और संबंधित परीक्षकों को दिखाते हुए मूल्यांकन कार्य की जानकारी दी।
केंद्र उप नियंत्रक अरुण कुमार सिंह ने कहा कि डीएचई या परीक्षक के उपस्थित न होने पर वित्त विहीन या सेवानिवृत्त शिक्षकों के रूप में वैकल्पिक व्यवस्था रखी गई है। उधर, जसवंतनगर प्रतिनिधि के मुताबिक हिंदू विद्यालय इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू हो गया। यहां 277883 कापियों का मूल्यांकन होना है। पहले दिन परीक्षकों को 20-20 कापियां मूल्यांकन के लिए दी गई थी, जिसमें 4328 कापियों का मूल्यांकन कार्य किया गया।
अभी कुल 95 प्रतिशत कापियां मूल्यांकन के लिए केंद्र पर आ चुकी है। इसके अलावा तीन जिलों से कापियां आना बाकी है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. देवेंद्र प्रकाश ने मूल्यांकन केंद्र पर पहुंचकर जायजा लिया।