जसवंतनगर । हाईवे स्थित सखुउआ के पास मंगलवार देर शाम बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई थी।
ग्राम नगरिया भाट निवासी रामकुमार (28) पुत्र सुखलाल बुधवार को किसी काम से जसवंतनगर बाजार आया था। दोपहर को जब वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी सखुउआ के पास सामने से आ रही अनियंत्रित दूसरी बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही उसका सिर सीधे सड़क से टकरा गया। इससे उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिर पर हेलमेट होता तो शायद युवक की जान बच भी सकती थी। रामकुमार अविवाहित था और अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर (बीच का) का था। हादसे की सूचना घर पहुंची तो मां गुड्डी देवी और पिता सुखलाल बदहवास हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन ने बताया कि रामकुमार राजकोट (गुजरात) में हलवाई का काम करता था। 12 दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर अपने गांव आया था।