बकेवर थाना क्षेत्र के गांव परसौली में कर्ज में डूबे युवक ने जहर खाकर जान देदी। परिजनों ने बताया कि युवक काफी समय से कर्जदारों के मानसिक उत्पीड़न से परेशान रहता था।
गांव परसौली निवासी पिंटू (22) पुत्र स्व. सुशील कुमार यादव ने जहर खा लिया। लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे मिनी पीजीआई सैफई में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के परिजन हरनाम सिंह यादव ने बताया कि युवक के पिता सुशील की मौत दो साल पहले बीमारी से हो गई थी।
इसके बाद उसने गांव के कुछ लोगों व रिश्तेदारों से कर्ज लिया था। कर्जदार उस पर रुपये वापस करने का दबाव बना रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से पीड़ित रहता था। युवक घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था।
अब उसकी मां व दो छोटे नाबालिग भाई रह गए हैं। प्रधान प्रतिनिधि अनूप यादव ने शासन-प्रशासन से युवक के परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।