उदी। बढ़पुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर पत्नी से विवाद के बाद युवक ने चंबल के बीहड़ों में अपने हाथ की नस काट ली। खून अधिक बहने पर युवक खुद ही पुलिस चौकी पहुंच गया जहां मौजूद पुलिसकर्मी ने उसे तुरंत सीएचसी मार्ग पर भर्ती कराया गया। इसकी वजह से उसकी जान बच गई।
मध्यप्रदेश के भिंड स्थित समीर नगर लहार सड़क निवासी सूरज सिंह राजावत (28), पत्नी पूजा से कहासुनी होने के बाद बाइक लेकर घर से निकल आया। गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे वह उदी गांव के पास चंबल के बीहड़ों में पहुंचा और ब्लेड से अपने हाथ की नस काट ली। नस कटने के बाद जब खून तेजी से बहने लगा तो युवक घबरा गया।
हालत बिगड़ती देख वह किसी तरह चंबल पुल बॉर्डर स्थित पुलिस चौकी पहुंचा और मदद मांगी। चौकी पर तैनात सिपाही राहुल शर्मा ने बिना देर किए युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार कर उसकी हालत को खतरे से बाहर बताया।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दी।
युवक का भाई सौरभ सिंह राजावत परिवार के साथ सीएचसी उदी पहुंचा। परिजनों ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद सूरज अचानक घर से चला गया था, जिसकी तलाश की जा रही थी। समय रहते पुलिस की सक्रियता और सिपाही राहुल शर्मा की सूझबूझ से युवक की जान बच गई। उपचार के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया।