फोटो 19: पुलिस की हिरासत में लिए गए आरोपी। स्रोत विभाग
-
-थाना वैदपुरा के एक गांव में शुक्रवार रात की घटना, पुलिस ने सात को हिरासत में लिया
-पुलिस आरोपियों से से की पूछताछ, पीड़ित महिला ने परिजनों समेत ग्रामीणों पर लगाए आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। थाना वैदपुरा के एक गांव में प्रेम प्रसंग के विवाद के बाद ग्रामीणों ने महिला व उसके प्रेमी को पीट कर मुंह काला कर गांव में घुमाया। इसकी भनक लगते ही क्षेत्रीय पुलिस हरकत में आ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
गांव निवासी तीन बच्चों की मां 26 मार्च को मर्जी से मैनपुरी के एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी। 27 मार्च की शाम परिजन महिला को पकड़कर वापस घर ले आए। महिला का आरोप है कि घर लाने के बाद उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि 27 मार्च की रात करीब 10 बजे महिला से उसके देवर व अन्य परिजनों ने फोन कराकर उसके प्रेमी को गांव के पास बुलवाया। महिला के बुलावे पर प्रेमी विश्वास कर रात करीब 11 बजे गांव पहुंच गया, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। इसके बाद युवक को एक कमरे में रातभर बंद रखा गया।
महिला का आरोप है कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे उसका मुंह काला किया गया और युवक को भी लात-घूंसों व जूता-चप्पलों से पीटा गया। इसके बाद दोनों को गांव में जुलूस के रूप में घुमाया गया। इस दौरान कुछ लोग चप्पलों की माला बनाने की तैयारी कर रहे थे। किसी ग्रामीण ने घटना की सूचना वैदपुरा थाना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जुलूस में शामिल होकर हंगामा कर रहे लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस महिला और युवक को भी अपने साथ थाने ले आई है। वैदपुरा थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया महिला के साथ मारपीट करने के आरोप में रामनरेश, सनोज कुमार, श्रीचन्द्र, श्यामवीर, अभिषेक, दीप सिंह तथा रतन सिंह को हिरासत में लिया गया है। वहीं, महिला व उसके प्रेमी से थाने पर पूछताछ जारी है। पुलिस ने कुछ अन्य लोगों को भी थाने में बैठाया गया है और उनसे भी पूछताछ की जा रही है। एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र ने बताया कि सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला की तहरीर के आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।