जिला खेल कार्यालय की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय जूनियर बालक वर्ग हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल में स्पोर्ट्स स्टेडियम ए ने इसी स्टेडियम की बी टीम को पेनाल्टी शूट आउट में 6-3 से हराया। निर्धारित समय में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
बजरंग कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता के पहले मैच में आचार्य आदि सागर अंकलीकर ने पुलिस माडर्न स्कूल को 1-0 से, दूसरे मैच में वीणा वादिनी जूनियर हाईस्कूल ने सेविन हिल्स स्कूल को 2-0 से पराजित कर सेमी फाइनल में प्रवेश किया।
पहले सेमी फाइनल मैच में स्टेडियम ए ने वीणा वादिनी को 2-0 से, दूसरे सेमी फाइनल में स्पोर्ट्स स्टेडियम बी टीम ने अंकलीकर टीम को 2-1 से हराया। इसके बाद फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें स्टेडियम की ए टीम विजयी रही। मैचों में निर्णायक की भूमिका गौरव वर्मा, महेंद्र श्रीवास्तव, प्रखर पटेल, हिमांशु सक्सेना, सुहेल एजाज, सिराज हुसैन ने निभाई।
समापन अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष गुरुमुख सिंह अरोड़ा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों व निर्णायकों को पुरस्कार प्रदान किए। इस मौके पर बिजेंद्र सिंह, राकेश भदौरिया, अनुराग गर्ग, उमाकांत यादव, विवेक यादव, सत्यनारायण प्रसाद यादव, अशोक यादव, हरीशंकर लाला, जयकिशन आदि मौजूद रहे।