भरथना। तकनीकी खराबी के कारण रुकी ट्रेन से उतरे युवक की दूसरी ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने युवक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी है।
शनिवार को ओखा गुवाहाटी एक्सप्रेस इटावा से कानपुर की ओर डाउन लाइन पर जा रही थी। यात्रा के दौरान ट्रेन की 13 वीं बोगी (पेंट्री कार के पास) के पहियों से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं उठता देख यात्रियों में हड़कंप मच गया और कई यात्री घबराकर अपनी सीटों से उठ गए। तकनीकी टीम को बुलाया गया जिसने मौके पर पहुंच कर पहियों से उठ रहे धुएं को शांत किया। इस दौरान 10 मिनट ट्रेन रुकी रही। ट्रेन रुकने पर कई यात्री भी ट्रेन से उतर आए।
कुछ पेंट्रीकार के पास काम को देखने लगे तो कई वक्त लगने की संभावना के चलते दूसरे लाइन पार कर गए। तकनीकी खराबी दूर होने के बाद ट्रेन को जैसे ही आगे बढ़ी, ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों में दौड़ भाग मच गई। इसी दौरान दूसरी लाइन को पार कर ट्रेन में बैठने के लिए दौड़े यात्री की कानपुर से इटावा की ओर आ रही सियालदह एक्सप्रेस से कटकर मौत हो गई। उसके बाद ट्रेन को पांच मिनट और रोका गया और फिर वह आगे बढ़ी।
शव की शिनाख्त कपड़ों में मिले आधार कार्ड से की गई। एसआई राम सिंह ने बताया कि मृतक के कपड़ों से एक आधार कार्ड मिला। उसकी पहचान असम राज्य के नागांव जिले के डोबोका पाथेर 33 वर्षीय दिलाबर हुसैन के रूप में हुई। इसकी जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई।