जसवंतनगर। ब्लॉक की ग्राम पंचायत अजनौरा में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम पाठकपुरा निवासी पूजा देवी पत्नी विनोद कुमार ने अप्रैल 2025 में योजना के तहत लाभ पाने के लिए शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन महिला का आरोप है कि पंचायत स्तर पर ही जांच में गड़बड़ी कर मामले को दबा दिया गया।
पीड़िता पूजा देवी ने आरोप लगाया कि पंचायत सचिव व उनके सहयोगी ने रोजगार सेवक के माध्यम से 20 हजार रुपये की मांग की गई थी। पूजा देवी का कहना है कि यदि उनके पास इतनी रकम होती, तो उन्हें आवास योजना के लिए भटकना ही नहीं पड़ता। शिकायत के बावजूद उन्हें आज तक योजना का लाभ नहीं मिल सका है। वह अपने परिवार के साथ पन्नी और टीन शेड के कच्चे घर में रहने को मजबूर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बीडीओ डॉ. मनोज कुमार को जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही 15 से 20 दिनों के अंदर पात्र लाभार्थी को आवास उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। (संवाद)