ताखा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद कार क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी मिली जबकि मौके से चालक और अन्य सवार कार्रवाई से बचने के लिए भाग गए। पुलिस ने कार से बड़ी मात्रा में शराब बरामद कर वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कार में बरामद शराब की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6 बजे एक्सप्रेसवे पर कार डिवाइडर से टकराने की सूचना मिली कि एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 127 कुरखा गांव के पास आगरा से लखनऊ की तरफ जा रही कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।
मौके पर मिली कार जो डिवाइडर से टकराने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है जिसमें करीब तीन लाख रुपये कीमत की 2030 क्वार्टर अंग्रेजी शराब भरी है। पुलिस ने तुरंत कार को कब्जे में लिया। मौके पर कार के पास कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने कार और बरामद शराब को कब्जे में लेकर एक्सप्रेसवे चौकी कुदरैल खड़ा करवाया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ भरथना रामदवन मौर्य भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी बताया कि बरामद शराब, वाहन के मालिक व दस्तावेजों तथा दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।