रेलवे स्टेशन बजरिया स्थित एक बेकरी की दुकान के बाहर खड़ी कार से दो उचक्कों ने 96 हजार रुपयों से भरा बैग पार कर दिया।
दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में बाइक सवार दो उचक्कों की हरकत कैद हो गई। पीड़ित कपड़ा व्यवसायी ने सिविल लाइन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
औरैया जिले के उमरैन गांव निवासी कपड़ा व्यवसायी अजय कुमार शनिवार सुबह अपने ही गांव के साथी गौरव गुप्ता के साथ कार से इटावा बाजार करने आए थे।
शहर के गुदड़ी बाजार व प्रकाश टाकीज के पास स्थित दुकानों से खरीदारी के बाद दोनों लौटते समय स्टेशन बजरिया स्थित कृष्णा बेकरी पर कुछ खाने पीने के रुक गए।
तभी दो उचक्कों ने उनकी कार की आगे की खिड़की से हाथ डालकर रुपयों से भरा बैग निकाला और रफूचक्कर हो गए। दोनों लोग जब कार में बैठे तो बैग नदारद देखा। तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जेल रोड चौकी प्रभारी रजनी सिंह मौके पर पहुंची। दुकान के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा चेक किया तो उसमें पूरी वारदात सामने आ गई। अजय ने बताया कि कुछ दुकानें बंद थी इसलिए पूरी खरीदारी नहीं कर पाए थे।
बच गए 96 हजार रुपये चोरी हो गए। पीड़ित व्यापारी ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया है। पुलिस बाइक सवार उचक्कों की तलाश कर रही है।