इटावा। वैदपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सैफई मार्ग पर कुनैरा के पास सड़क के किनारे जा रही एक युवती को तेजी से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। युवती की मौत की खबर लगते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए और उन्होंने सैफई मार्ग को जाम कर दिया। लोगों की मांग थी कि कुनैरा के पास सड़क पर ब्रेकर बनाए जाएं तथा दुर्घटना की शिकार युवती के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर व सीओ सैफई मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने तथा ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया तब कहीं डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका।
ग्राम पाताझारी थाना वैदपुरा निवासी अनवरसिंह की पुत्री रेखा उम्र 20 वर्ष दवा लेने के लिए इटावा आई थी। दवा लेने के बाद जब वह करीब दो बजे पैदल वापस लौट रही थी तभी सैफई की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक ट्रक को भगाने में सफल रहा। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पाताझारी तथा आसपास के ग्रामीण मौके पर आ गए और उन्होंने इटावा सैफई मार्ग पर जाम लगा दिया जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम लगे होने की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष वैदपुरा दीप कुमार सोनी मयफोर्स के मौके पर पहुंचें। उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण डीएम और एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। उनकी मांग थी कि कुनैरा के पास ब्रेकर बनवाया जाए तथा मृत युवती के परिजनों को आर्थिक मदद दी जाए। थानाध्यक्ष ने इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना पर एसडीएम सदर शैलेंद्र भाटिया तथा क्षेत्राधिकारी सिद्धार्थ मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे साथ ही ब्रेकर भी बनवाया जाएगा। इसके बाद लोगों ने जाम खोला। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।