इटावा। प्रदेश में सपा सरकार बनने के बाद सैफई में विकास ने गति पकड़ ली है। सैफई हवाई पट्टी का कायाकल्प कराया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को स्वीकृत के लिए भेज दिया है।
बसपा शासन के पांच वर्ष में सैफई क्षेत्र विकास से वंचित कर दिया गया था। सपा सरकार बनने के बाद एक बार फिर से सैफई क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आ गई है। सैफई हवाई पट्टी को एयरपोर्ट में तब्दील करने के लिए पिछली सपा सरकार में जो पहल शुरू की थी उस दिशा में कार्य करने के लिए पिछले पांच वर्षों में बदरंग हुई हवाई पट्टी के कायाकल्प की योजना बना ली गई है।पिछले दिनों मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने निरीक्षण के दौरान दिए निर्देशों के अनुरूप लोक निर्माण विभाग ने सैफई हवाई पट्टी की बाउंड्रीवाल और पहुंच मार्ग का नए सिरे से मरम्मतीकरण कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेज दिया है। इस पर एक करोड़ से अधिक की धनराशि व्यय की जाएगी। इसके अलावा हवाई पट्टी के निरीक्षण भवन का भी सुंदरीकरण कराया जाएगा।