बकेवर(इटावा)। बकेवर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो कंटेनरों में भरकर पश्चिम बंगाल कोलकाता ले जाए जा रहे चार दर्जन से अधिक पशुओं को बरामद किया। दोनों कंटेनरों में पशुओं को ठूंस ठूंस कर भरा गया है।
बकेवर थानाध्यक्ष डा. रामफल प्रजापति क ो सूचना मिली कि कारों को लादकर ले जाने वाले दो कंटेनरों में कुछ लोग पशुओं को लादकर इटावा से होकर कानपुर की ओर ले जा रहे हैं। इस पर थानाध्यक्ष ने मयफोर्स के हाईवे पर पहुंचकर उन दोनों कंटेनरों को रुकवाया। चालकों ने कंटेनरों को भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने थाने की जीप को उनके आगे लगाकर रुकवा लिया।
कंटेनरों में बड़े बड़े ताले लगे थे। उनके चालकों ने कहा कंटेनर खाली हैं। पुलिस ने जब कंटेनरों के ऊ पर चढ़कर देखा तो उनमें ठसे हुए जानवर भरे हुए थे। पुलिस दोनों गाड़ियों को थाना पर पकड़ लाई तथा गाड़ी के चालकों सहित लगभग 8 लोगों को पुलिस ने पकड़ा।
चालकों ने बताया कि वह उक्त जानवरों को किशनगढ़ राजस्थान से लादकर पश्चिम बंगाल प्रांत के कोलकाता ले जा रहे थे। समाचार लिखे जाने तक कोई मामला पंजीकृत नहीं हुआ था। पुलिस मामले की जांच पड़ताल व पूछताछ में जुटी थी।