इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के फर्रुखाबाद मार्ग पर कर्री के पास कार सवार लुटेरों ने चालक को बंधक बनाकर ट्रैक्टर लूट लिया। लुटेरों ने चालक से 11 हजार रुपये लूटने के बाद उसे बिधूना के पास फेंक दिया ।
कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना क्षेत्र गांव मनिकापुरा निवासी आशीष दुबे पुत्र रविंद्र दुबे गुरुवार को अपने मामा के यहां गांव परौली रमायन ट्रैक्टर लेकर आया था। शाम करीब साढ़े सात बजे वह ट्रैक्टर लेकर गांव लौट रहा था। वह कर्री गांव के पास पहुंचा ही था कि कार सवार छह लोगों ने ओवरटेक करके उसे रोक लिया। कार से उतरे लुटेरों ने आशीष को पीटते हुए कार में डाल लिया और उससे 11 हजार रुपये लूट लिए। दो लुटेरे ट्रैक्टर को लेकर फरार हो गए। कुछ घंटे घुमाने के बाद लुटेरों ने आशीष को बिधूना के पास गाड़ी से फेंक दिया। लूट का शिकार हुए आशीष ने इसकी सूचना फोन से अपने परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आशीष के साथ चौबिया थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। समाचार लिखे जाने तक इस वारदात की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
उधर, बकेवर थाना क्षेत्र के चकरनगर मार्ग पर वनरेंज कार्यालय के पास घात लगाकर बैठे पांच-छह बदमाशों ने असलहों के बल पर साइकिल सवार को रोक लिया और पीटकर नकदी, मोबाइल व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
दाउदपुर गांव निवासी शिव कुमार पाठक पुत्र रामाधार पाठक गुरुवार को साइकिल से लखना में दावत खाने आए थे। रात करीब आठ बजे वह साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह वनरेंज कार्यालय के पास पहुंचे तभी घात लगाकर बैठे पांच-छह बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और पीटते हुए उनके पास से बीस हजार रुपये, मोबाइल व अन्य सामान लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे भाग निकले। लूट का शिकार हुए शिव कुमार ने बदमाशों के भाग जाने पर शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने लुटेरों को तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। क्षेत्रीय लोगों ने एसएसपी से चकरनगर मार्ग पर पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।