इटावा। शनिवार की रात डीसीएम चालक व सवारी को पीटकर लूटने वाले बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस को उनके पास से लूटा हुआ सामान, तमंचा, कारतूस बरामद हुए हैं।
चालक देवेंद्र पुत्र शिशुपाल निवासी फाउंड्रीनगर आगरा शनिवार की रात डीसीएम लेकर आगरा से कानपुर जा रहा था। आगरा से उसने मुरसान गेट हाथरस निवासी दीपू जोशी को भी इटावा के लिए सवारी के रूप में बैठा लिया। बाद में उसे चार सवारी और मिलीं। उसने उन्हें भी डीसीएम में बैठा लिया। बाद में सवारी के रूप में बैठे चार लुटेरों ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आईटीआई चौराहा के पास चालक देवेंद्र व यात्री दीपू जोशी को पीटकर लूट लिया था। प्रभारी एसएसपी/एएसपी सर्वानंद यादव ने बताया कि लूट की सूचना पर एसओ सिविल लाइन विनोद कुमार यादव ने हमराह फोर्स के साथ लुटेरों को पकड़ने के लिए चेकिंग अभियान शुरू किया। पुलिस को हाइवे पर डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े चार युवक दिखाई दिए।
पुलिस ने जब उन्हें टोका तो वह भाग खड़े हुए। पुलिस ने दौड़कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से तमंचा, कारतूस आदि सामान बरामद हुआ। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम विपिन उर्फ मोटा निवासी सुहागनगर फिरोजाबाद, जितेंद्र उर्फ पंडित जाटव निवासी महावीरनगर फिरोजाबाद, विजय उर्फ विनय निवासी सुहागनगर पानी की टंकी के पास, राहुल जाटव निवासी भीमनगर फिरोजाबाद बताए। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए मोबाइल, 2200 रुपये भी बरामद किए। पूछताछ में बताया कि उन्होंने डीसीएम चालक व सवारी को पीटकर मोबाइल व नकदी लूटी थी। लूट का शिकार हुए दीपू जोशी ने उनकी पहचान की। एएसपी ने बताया कि उन्होंने फिरोजाबाद जिले में लूट की कई वारदातें करने की बात स्वीकार की हैं। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया। एएसपी ने पांच हजार रुपये का इनाम पुलिस पार्टी को देने की घोषणा की।