इटावा। यहां बैंक ऑफ बड़ौदा की विभिन्न शाखाओं में गुरुवार को प्रधानमंत्री जनधन योजना में 1600 खाते खोले गए। इसी प्रकार सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया केकेडीसी शाखा के प्रबंधक सुदीप कुमार ने पक्का तालाब स्थित विक्टोरिया हॉल में कैंप लगाकर 300 खाते खुलवाए। उन्होंने बताया कि जिन लोगों का किसी भी बैंक में खाता नहीं है। उनके शून्य जमा राशि पर खाते खोले गए हैं। खाताधारकों को एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और सुचारु रूप से खाते का संचालन करने पर 5 हजार रुपये के ओवरड्राफ्ट की सुविधा दी जाएगी। अभियान के दौरान जिला अग्रणी प्रबंधक आरबी मौर्य, आरए शाक्य आदि मौजूद रहे।
वहीं भारतीय स्टेट बैंक की क्योआस्क शाखा करनपुरा में मंडी शाखा प्रबंधक अरुण कुमार सचान ने प्रधानमंत्री जन-धन योजना की शुरुआत कराई। उन्होंने बताया कि मंडी शाखा में अब तक 1000 खाते खोले जा चुके हैं। एटीएम कार्ड भी मुफ्त में दिया जाएगा। क्योआस्क शाखा प्रबंधक दशरथ कुमार ने बताया कि ग्राहकों की सुविधा के लिए यह शाखा सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहती है।