इटावा। पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को सूखा और बाढ़ की आशंकाओं को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उन्होंने नहरों को पूरी क्षमता से चलाए जाने के निर्देश दिए। बैठक के बाद वह अपने निजी वाहन से मैनपुरी चले गए।
श्री यादव का हैलीकाप्टर सुबह करीब 9 बजे पुलिस लाइन हैलीपैड पर उतरा। उसके बाद उन्होंने कचहरी पहुंचकर बैठक की। श्री यादव ने अधिकारियों से कहा कि जिले में बेहद कम वर्षा को देखते हुए नहरें पूरी क्षमता से चलाई जाएं। जहां नहरों में सिल्ट सफाई का कार्य चल रहा है, उसे समय से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। कहा कि खरीफ की फसल कम वर्षा से जो भी प्रभावित हो, लेकिन पानी, बिजली, खाद, बीज की ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए कि रबी फसल पर कम वर्षा का कोई प्रभाव न आने पाए। सभी सरकारी ट्यूबवेल दुरुस्त रखे जाएं। यदि कोई खराबी आती है तो तत्काल ठीक कराया जाए।
उन्होंने कहा कि गांवों में कम से कम 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इससे किसानों को सिंचाई आदि से लेकर किसी अन्य प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों से कहा कि मौसमी बीमारियों के नियंत्रण पर चौकसी रखें। ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों पर आवश्यक दवाओं के स्टॉक हमेशा उपलब्ध रहने चाहिए।
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने बिजली अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था व अन्य मरम्मत कार्य फाल्ट होने के बाद तत्काल दुरुस्त किया जाए। कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि खाद, बीज, कृषि यंत्र आदि उपलब्धता किसानाें तक सुनिश्चित करें। तहसीलों में दाखिल खारिज, विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्रों को बनवाने, खतौनी जारी करने, जमीनों की पैमाइश आदि में अवैध रूप से पैसों के लेनदेन की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। बैठक में डीएम नितिन बंसल, सीडीओ डॉ. अशोक चंद्र, एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह के अलावा सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।