इटावा। दो दिवसीय दौरे पर आए कमिश्नर मो. इफ्तिखारूद्दीन ने जिले में विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जनपद में फ ल एवं दुग्ध उत्पादन योजना प्रमुखता से चलाए जाने के निर्देश दिए। वक्फ की जमीन को विकसित कर शापिंग कांपलेक्स, माल, होटल, मोटल आदि की कार्य योजना बनाने को कहा। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में कोई भी पात्र, निराश्रित महिला लाभान्वित होने से वंचित न रहने की हिदायद दी। उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम के अधिशाषी अभियंता द्वारा बैठक में भाग न लेने पर उन्हें निलंबित करने के आदेश जिलाधिकारी को दिए।
आयुक्त ने कहा कि फ ल उत्पादन योजना के अंतर्गत मनरेगा में तैयार किए गए 450 तालाबाें के चारों ओर तथा अन्य स्थानों पर फ लदार वृक्ष लगाए जाएं। सघन वृक्षारोपण की कार्य योजना बनाकर 25 जुलाई तक वृक्षारोपण का कार्य पूरा किया जाए। भूमि संरक्षण विभाग द्वारा मिट्टी का परीक्षण कराकर फ ल की प्रजाति के अनुरूप वृक्ष लगाए जाएं। मिट्टी के परीक्षण की रिपोर्ट 25 जून तक उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर विशेष फ ल उत्पाद की कार्य योजना को अंजाम देने को कहा। जन सहभागिता से 15 लाख फ लदार वृक्ष लगाए जाने का लक्ष्य रखा। दशहरी आम के पौधों को प्राथमिकता देने को कहा।
आयुक्त ने इसी तरह विशेष दुग्ध उत्पाद योजना में जिले में प्रतिदिन एक लाख लीटर दूध का उत्पादन बढ़ाने को कहा। इस योजना में किसानों/ग्रामीणों को दस दिवसीय पशु पालन का प्रशिक्षण देकर व प्रधानमंत्री रोजगार योजना में दुधारू पशुओं के लिए ऋण उपलब्ध कराकर योजना को मूर्तरूप दिया जाए। पूरी प्रशासनिक मशीनरी लगाकर जिले में दुग्ध क्रांति लाई जाए। आयुक्त ने केंद्र सरकार की सेंट्रल वक्फ काउंसिल की जमीन को विकसित कर शापिंग कांपलेक्स, मॉल, होटल आदि बनाने की कार्य योजना व प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिले में अल्प संख्यक स्कूलों के निर्माण एवं अल्प संख्यक बालिका हास्टल के लिए प्रस्ताव भेजा जाए। बैठक में जिलाधिकारी विद्या भूषण सहित विभिन्न विभागों के 50-55 जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।