बकेवर (इटावा)। ग्राम सराय नरोत्तम में ट्रक से हाईटेंशन लाइन का तार छू जाने से किशोर की मौत हो गई। चार अन्य लोग झुलस गए। यह सभी लोग चालक के कहने पर ट्रक को धक्का लगा रहे थे, तभी उसमें करंट उतर आया।
बकेवर थाना क्षेत्र के गांव सराय नरोत्तम में कई लोग ट्रक चलाते हैं। इस गांव का बृजेंद्र सिंह शनिवार को गिट्टी से लदे ट्रक को गांव के बाहर खड़ा करके अपने घर चला आया। रविवार तड़के बृजेंद्र से ट्रक स्टार्ट नहीं हुआ। उसने गांव के ही पांच-छह लोगों को ट्रक में धक्का लगाने के लिए बुला लिया। बृजेंद्र के ट्रक के पास ही एक अन्य खाली ट्रक भी खड़ा हुआ था। इस वजह से उसका ट्रक निकल नहीं पा रहा था। उसने धक्का लगवाकर उस ट्रक को रास्ते से हटाने का प्रयास किया। खाली ट्रक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया।
ट्रक में करंट उतर आया और धक्का लगा रहे लोगों में शिवकुमार उर्फ नन्हें (17) पुत्र मातादीन, लल्लूसिंह पुत्र जगत सिंह, राधा किशन पुत्र मुन्नीलाल, दिनेश पुत्र रामनाथ, भूरेलाल पुत्र भिखारी लाल निवासीगण सराय नरोत्तम करंट की चपेट में आ गए। ट्रक के पिछले चारों टायर भी जल उठे। इस हादसे गांव में भगदड़ मच गई। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया जाने लगा। तब तक शिवकुमार की मौत हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी जेपी पाल फोर्स लेकर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह इत्तफाकिया घटना है। फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। करंट लगने से घायल राधा किशन ने बताया कि उसे गांव के ही बृजेंद्र सिंह ने ट्रक में धक्का लगाने सोते से जगाया था। उधर बृजेंद्र सिंह मौके से भाग गया। गिट्टी लदा ट्रक व खाली ट्रक घटनास्थल पर ही खड़े हैं। खाली ट्रक का ड्राइवर प्रदीप सिंह भी इसी गांव का रहने वाला है। वह कस्बा बकेवर के किसी व्यक्ति का ट्रक चलाता है। उसने भी शनिवार रात को अपना ट्रक उसी जगह खड़ा किया था और अपने घर पर सोने के लिए चला आया था।