-सैफई में बदमाशों ने दंपति से लाखों के जेवर नकदी लूटी
-बिजली विभाग के जेई से बाइक लूट ले गए बदमाश
इटावा। इसे महज संयोग कहेंगे कि डीआईजी आरके चतुर्वेदी जब-जब इटावा दौरे पर आए, लुटेरों ने उनके सामने खूब धमाचौकड़ी की। डीआईजी के इस दौरे पर भी लुटेरों ने कसर नहीं छोड़ी। डीआईजी इधर अफसरों के साथ क्राइम कंट्रोल का खाका तैयार करते रहे, थानों में समाधान कराते रहे। उधर लुटेरे सड़कों पर जनता को लूटते रहे। बीते 24 घंटे में जिले में डीआईजी की मौजूदगी होने पर भी लूट की वारदातें नहीं थमीं। शुक्रवार को नो क्राइम जोन कहे जाने वाले सैफई थाना क्षेत्र में दिनदहाडे़ बाइक सवार बदमाशों ने पत्नी तथा भाई के साथ लौट रहे युवक से नकदी व जेवरात लूट लिए। उधर, इकदिल थाना क्षेत्र के चितभवन नहर पुल के पास बाइक सवार लुटेरों ने विद्युत विभाग के अवर अभियंता की बाइक लूट ली। विरोध करने पर लुटेरों ने फायरिंग कर दी। हद तो ये है कि वारदातों के बाद पुलिस ने लकीर पीटने के अलावा कुछ नहीं किया।
पहली घटना में चौबिया थाना क्षेत्र के गांव सिमरा निवासी विनोद यादव अपनी पत्नी मीरा देवी तथा भाई उपदेश के साथ बाइक से रिश्तेदार की मौत हो जाने पर कुर्रा क्षेत्र के गांव झाल गए थे। शुक्रवार को तीन बजे वह वापस लौट रहे थे। तभी विलंदा नहर पुल के पास पहुंचते ही बाइक सवार बदमाशाें ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जैसे वह गिरे वैसे ही बदमाशाें ने तमंचे निकाल लिए और पत्नी से जंजीर, झाले, छह अंगूठी, तेरह सौ रुपये, विनोद से 25 हजार रुपये नकद, मोबाइल, उपदेश से ग्यारह सौ रुपये व मोबाइल लूट लिया। विनोद की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरी घटना में विद्युत विभाग में अवर अभियंता ज्ञान सक्सेना शुक्रवार को शादी समारोह में भाग लेने के लिए भरथना गए थे। रास्ते में उनकी बाइक फिसल गई। गिर जाने से उनको चोटें आ गई। भरथना में दावत खाने के बाद वह अपने परिचित नीरज निवासी रामनगर के साथ कार में बैठ गए तथा बाइक अपने साथी रिंकू को दे दी। रिंकू बाइक से तथा अवरअभियंता तथा नीरज कार से आ रहे थे। रात करीब नौ बजे रिंकू चितभवन पुल के पास पहुंचा तभी पल्सर पर सवार लुटेरों ने उसे रोक लिया तथा तमंचे की नोक पर उससे बाइक छीन ली। पीछे आ रहे अवर अभियंता ज्ञान सक्सेना तथा नीरज ने शोर मचाया तो लुटेरों ने फायरिंग कर दी और बाइक लेकर फरार हो गए। नीरज ने इस घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इकदिल पुलिस ने लुटेरों की तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला। वारदात की बस रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।