इटावा। रानी लक्ष्मीबाई पेंशन योजना को बंद कर प्रदेश सरकार ने जो समाजवादी पेंशन शुरू की है, इसे गरीबों ने हाथों हाथ लिया है। जिले के लिए निर्धारित 26339 का लक्ष्य पार होने की संभावना है। समाज कल्याण विभाग को अब तक 24777 फार्म प्राप्त हो चुके हैं। जबकि करीब दस हजार फार्म और आने की संभावना है। यह फार्म ब्लाक एवं नगरपालिका स्तर पर जमा किए जा चुके हैं।
जिले के लिए शासन से निर्धारित समाजवादी पेंशन के 26339 लक्ष्य को अर्बन और ग्रामीण स्तर पर अलग अलग निर्धारित किया गया था। अर्बन क्षेत्र के लिए यह लक्ष्य 5442 और ग्रामीण के लिए 20897 रखा गया। समाज कल्याण विभाग को अबतक जो 24777 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उनमें अर्बन क्षेत्र के 4534 और ग्रामीण के 20243 शामिल हैं। विभाग को प्राप्त आवेदनों के मद्देनजर अभी लक्ष्य की पूर्ति नहीं हुई है। लेकिन जिला समाज कल्याण अधिकारी एनपी गुप्त का कहना है कि अंतिम तिथि गत 20 जून तक लक्ष्य से अधिक फार्म जमा किए जा चुके हैं। जो ब्लाक व नगरपालिका स्तर पर हैं। संबंधित ब्लाकों से उनकी जो बात हुई है, उसके अनुसार ऐसे करीब दस हजार फार्म अभी और प्राप्त हो सकते हैं। इस तरह 30 हजार से अधिक फार्म जमा किए गए हैं।
-------
रानी लक्ष्मीबाई के लाभार्थी सजगता बरतें
-सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना में रानी लक्ष्मीबाई योजना से पेंशन लेने वालों को प्राथमिकता पर रखा है। क्योंकि रानी लक्ष्मीबाई पेंशन योजना को बंद कर दिया गया है। लिहाजा सरकार की मंशा है कि इस योजना से आच्छादित कोई भी पात्र लाभार्थी नई समाजवादी पेंशन से वंचित न रहे। इसी के तहत जिला समाज कल्याण अधिकारी एनपी गुप्त ने रानी लक्ष्मीबाई पेंशन योजना के लाभार्थियों से कहा है कि वह ब्लाक या नगरपालिका में जाकर अपने फार्म चेक कर लें। कहीं कोई त्रुटि न रहे।