इटावा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार 19 फरवरी को लखनऊ विधानसभा का घेराव करेंगे। यह बात अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिषद के जिलाध्यक्ष नरेश चंद सविता ने कही। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के महान योद्धाओं की कुर्बानी को देश व प्रदेश की सरकारें भूल चुकी हैं। सरकारों को जगाने के लिए उन्होंने सभी सेनानी परिवार से 18 फरवरी की शाम रेलवे स्टेशन पर पहुंचने की अपील की।
पक्का तालाब चौराहा स्थित सेनानी भवन में हुई बैठक में तहसील प्रभारी केके यादव ने कहा कि यदि केंद्र व प्रदेश की सरकारें सेनानी परिवारों पर ध्यान देती तो हमारी यह दुर्दशा न होती। जिला महामंत्री उदय प्रताप सिंह यादव ने कहा कि सेनानियों के समाधि स्थल व उनके नाम से जुड़े पार्क बदहाली के शिकार हैं। नगला ढकाऊ में शंकर सिंह यादव, भूपाल सिंह शाक्य, बलवंत सिंह यादव के नाम से शहीद मेले का आयोजन होता था। मेला संयोजक स्वतंत्रता सेनानी छक्की लाल यादव की मृत्यु के बाद से इसकी भी दशा सोचनीय है। मेला भूमि को लेखपाल व ग्राम प्रधान के द्वारा कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। इसी मसले को लेकर परिषद के सदस्यों ने सिटी मजिस्ट्रेट शारदा प्रसाद को ज्ञापन सौंपा।
बैठक की अध्यक्षता स्वतंत्रता सेनानी छैल बिहारी वर्मा ने की। संचालन जिला उपाध्यक्ष नरेश चंद्र पाठक ने किया। इस अवसर पर सचिव राम लखन यादव आदि मौजूद रहे।