इटावा। सड़क पर लापरवाही से साइकिल चला रहा युवक एक बड़े हादसे का कारण बना। साइकिल को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर गिट्टी लदा ट्रक सड़क के किनारे पलट गया। इससे पैदल जा रही महिला की गिट्टी में दब कर मौत हो गई। सड़क किनारे खूंटे से बंधे जानवर भी ट्रक की गिट्टी की चपेट में आ गए। इसमें दो बकरियों और दो पड़ियों की मौत हो गई। एक भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी मंगवाकर कर मलबा और ट्रक हटवाया। तब जाकर महिला का शव निकाला जा सका। इस दौरान हाईवे पर करीब ढाई घंटे यातायात प्रभावित रहा।
इटावा से गिट्टी लादकर एक ट्रक बकेवर की ओर जा रहा था। इकदिल कस्बे के पास एक व्यक्ति सड़क पर साइकिल नचाकर चला रहा था। साइकिल सवार को बचाने मेें ट्रक चालक ने कट मारा। इससे ट्रक असंतुलित हो गया और एक ओर झुक गया। चालक कुछ समझ पाता इससे पहले ही ट्रक सड़क किनारे जाकर पलट गया। घटना के समय इकदिल कस्बे के कुम्हरान मोहल्ला निवासिनी रामजानकी (55) पत्नी किशन मुरारी पलटते ट्रक की गिट्टियों के नीचे दब गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा सड़क किनारे खूंटे से बंधी रामऔतार की दो पड़ियां और चरन सिंह की दो बकरियां भी दबकर मर गईं। चंद कदमों की दूरी पर बंधी रामऔतार की भैंस भी गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रक के पलटते ही चालक और क्लीनर कूद कर भाग निकले।
हादसा होते देख आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने रामजानकी को निकालने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। लोगों ने पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को निकलवाने के लिए जेसीबी मशीन मंगवाई। सड़क पर पलटे ट्रक के कारण एक लेन का यातायात भी बंद हो गया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रक को उठावाया। करीब एक घंटे तक गिट्टी उठाने के बाद महिला के शव को निकाला जा सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ट्रक और मलबा हटवा कर सड़क साफ कराने में करीब ढाई घंटे लगा। इस दौरान पुलिस ने एक ही लेन से दोनों ओर के वाहनों को गुजारा जिससे जाम जैसी स्थिति बनी रही। सड़क साफ होने के बाद ही यातायात दुरुस्त हो सका।