बकेवर (इटावा)। लवेदी थाना क्षेत्र के लखनपुरघार स्थित झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा मिला। युवक के सिर पर चोट के निशान थे। लोगों का अनुमान है कि हत्यारे युवक की हत्या कर शव को यहां फेंक गए। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
बीहड़ के गांव लखनपुरघार के कुछ बच्चे शुक्रवार को जंगल में बकरियां चराने गए थे। तभी उन्हें झाड़ियों में एक शव पड़ा दिखाई दिया। बच्चों ने इसकी जानकारी गांव वालाें को दी। सूचना मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और शव पड़ा देखा। प्रधानपति संतोष शर्मा ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। कार्यवाहक थानाध्यक्ष राकेश कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से उन्होंने शव को झाड़ियों से बाहर निकलवाया। उन्होंने शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र 25 वर्ष के आसपास है। उसके हाथ व पैर मफलर से बंधे हुए थे। वह सफेद लाइनदार शर्ट तथा स्लेटी रंग का पैंट पहने हुए था। सिर में चोटों के निशान थे। शव देखने से लग रहा था कि उसे एक दिन पूर्व फेंका गया है क्योंकि हाथों पर दीमक लगने के निशान थे। लोगों का अनुमान है कि इसकी कहीं दूसरी जगह हत्या करके शव को यहां फेंक दिया गया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि सिर के अलावा शरीर पर और कोई चोट नजर नहीं आई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
-----
स्टीकर भी काट ले गए हत्यारे
बकेवर (इटावा)। लखनपुरघार के पास झाड़ियों में मिले अज्ञात शव की पहचान न हो इसके लिए हत्यारे उसकी शर्ट के कॉलर पर लगे स्टीकर को भी काट ले गए। मृतक की जेबों से कोई कागज या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ। जिस स्थान पर शव को फेंका गया वहां आसानी से किसी की नजर नहीं जाती। वहां जंगली जानवरों का भी आना-जाना है। इससे लगता है कि हत्यारे इस क्षेत्र से अच्छी तरह वाकिफ हैं।