इटावा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची से डुप्लीकेट नामों को हटाए जाने के लिए शुक्रवार को सदर तहसील में इटावा विधानसभा और आंशिक जसवंतनगर क्षेत्र के बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया। एसडीएम सदर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया व सदर तहसीलदार श्रीपाल शर्मा ने आयोग से जारी निर्देशों की सभी को जानकारी दी।
इस दौरान सभी बीएलओ को संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की प्रिंटेड सूची उपलब्ध कराई गई। प्रशिक्षण में निर्देश दिए गए कि सभी बीएलओ 14 जनवरी तक डोर टू डोर सत्यापन कार्य पूरा कर लें। अपनी सत्यापन रिपोर्ट 15 जनवरी तक तहसील में अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें। सभी बीएलओ प्रिंटेड सूची में उल्लिखित मतदाताओं के उनसे संबंधित भाग संख्या में सामान्य रूप से रहने के तथ्य का वास्तविकता के आधार पर सत्यापन करें। उसी के अनुरूप आख्या उपलब्ध कराएं। घर-घर सत्यापन के इस कार्य का प्रमाणपत्र भी बीएलओ को प्रस्तुत करना होगा। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। प्रशिक्षण में नरेंद्र श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार, रजिस्ट्रार कानूनगो और राजस्व निरीक्षक भी मौजूद रहे।