इटावा। चुनाव आयोग के निर्देश पर जिले में मतदाता पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी है। बीएलओ को घर घर जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे की निगरानी के लिए जिले में 151 सेक्टर अफसर भी तैनात किए गए हैं। सेक्टर अफसरों ने कार्य में शिथिलता बरती तो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
यह जानकारी एसडीएम सदर शैलेंद्र भाटिया ने दी। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम का दारोमदार मूल रूप से बीएलओ पर है। उन्हें एक-एक घर में सर्वे करना है कि किसका वोट बढ़ना और किसका कटना है। एक जनवरी 1914 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज करना है। इसके अलावा अन्य कोई भी वोटर बनने से वंचित न रहे।
बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिस घर का सर्वे करें उसके दरवाजे या दीवार पर ई/ दिनांक भी अंकित करें ताकि सेक्टर अफसर उनके कार्य की मानीटरिंग कर सकें। मानीटरिंग के लिए जिले भर में 151 सेक्टर अफसर बनाए गए हैं। इनके कार्य पर भी निगाह रखी जाएगी। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई होगी।
-----
एक एसएमएस से बूथ व सीरियल नंबर
-वोटर बनना हो या पहले से वोटर हैं, दोनों ही परिस्थितियों में एक एसएमएस से मतदाता सूची में दर्ज जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिसे अभी इस सूची में अपना नाम दर्ज कराना है उसके लिए यह सहूलियत होगी कि वह अपना नाम परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दर्ज करवा सकेगा। जिसका नाम दर्ज है उसे अपने नाम के अलावा भाग संख्या आदि की जानकारी सुलभ हो सकेगी।
एसडीएम सदर शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि यह सुविधा शुरू हो चुकी है। इसका लाभ लिया जा सकता है। चुनाव आयोग ने मतदाता की सुविधा के लिए इसे शुरु किया है। इसके लिए 09212357123 नंबर पर यूपीईपीआईसी और स्पेस के बाद फोटो पहचान पत्र में अंकित नंबर अंकित कर भेजना होगा। मैसेज भेजने पर मतदाता से जुड़े पोलिंग बूथ नंबर, मतदाता सूची में सीरियल नंबर, नाम व पिता के नाम एवं विधानसभा क्षेत्र के नाम की जानकारी मिल जाएगी।