इटावा। कोकपुरा के सामने फोरलेन हाईवे पर सोमवार को सुबह वाहन का इंतजार कर रहे छात्र को तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छात्र की मौत से गुस्साए लोगों ने ट्रक पर पथराव किया। बाद में छात्र के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट शारदा प्रसाद यादव व एसडीएम सदर शैलेंद्र भाटिया मौके पर पहुंचे। दोनों अफसरों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। तब कहीं जाकर लोगों का गुस्सा थमा और करीब सवा दो घंटे बाद जाम खुल सका। जाम लगने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम में फंसे राहगीरों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ी।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इटगांव निवासी व महात्मा गांधी जन आदर्श इंटर कालेज का छात्र अर्पित पाल(18) पुत्र लालाराम सोमवार की सुबह करीब 5:30 बजे अपनी बहन को लेने के लिए फिरोजाबाद जाने के लिए घर से निकला। हाईवे पर कोकपुरा के सामने वह वाहन का इंतजार कर रहा था, तभी कानपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही मौके पर मौजूद अन्य छात्रों ने ट्रक पर पथराव कर दिया। फलस्वरूप चालक ने ट्रक को खड़ा कर लिया। खबर इटगांव में पहुंची तो वहां के ग्रामीण मौके पर आ गए। लोगों में घटना को लेकर खासा आक्रोश रहा। आक्रोशित लोगों ने हाईवे के दोनों ओर्र इंट पत्थर डालकर तथा ट्रकों को आड़ा तिरछा खड़ा कराकर जाम लगा दिया। जाम लगाए जाने की खबर मिलने पर सिविललाइन थाना के दारोगा मातापाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन लोग पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने और अधिकारियों को मौके पर बुलाए जाने की मांग पर अड़े रहे। दरोगा ने एसओ, सीओ को इसकी सूचना दी। इस पर एसओ आनंद कुमार सिंह, सीओ सिटी अनिल कुमार यादव मौके पर पहुंच गए। लोगों के आक्रोश क ो देखते हुए कोतवाली, इकदिल व क्यूआरटी फोर्स को भी बुला लिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट शारदा प्रसाद व एसडीएम सदर शैलेंद्र भाटिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शासन से मुआवजा दिलाए जाने का भरोसा दिलाया। तब कहीं जाकर जाम खुल सका। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रक को मय चालक हकीम खां पुत्र कलीम खां निवासी कदमाखुर्द थाना पिलावर हजारीबाग बिहार को हिरासत में ले लिया। मृतक के भाई रामजी ने ट्रक चालक हकीम खां के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।