इटावा। दिल्ली में पांच वर्षीय बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में एसएफआई व डीवाईएफआई ने शहर में जुलूस निकाला। बाद में शास्त्री नगर चौराहे पर केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। साथ ही बलात्कारियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
पुतला दहन के समय हुई सभा को संबोधित करते हुए एसएफआई के राज्य कमेटी सदस्य ऋषभराज चौहान ने कहा कि 16 सितंबर को दामिनी रेप कांड के दरिंदों को अभी सजा नहीं मिल पाई है, वहीं पांच वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदों ने फिर दरिंदगी को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एंटीरेप कानून भी बनाया, लेकिन इसके बाद भी महिलाओं व बच्चियों के साथ रेप की घटनाएं थम नहीं रही हैं। इसके लिए सरकार की ढुलमुल नीति एवं पुलिस की कार्यशैली सीधे तौर पर जिम्मेदार है।
एसएफआई के नरेंद्र शाक्य ने कहा कि आज दिल्ली ही नहीं उत्तर प्रदेश में भी बलात्कार की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने सरकारों और पुलिस से कड़ा रुख अखित्यार करने की मांग की। पुतला दहन के मौके पर नागेंद्र चौहान, आलोक यादव, नितिन यादव, अतुल तिवारी, देवेंद्रप्रताप सिंह, छविमोहन शुक्ला, नरेंद्र शाक्य, प्रखर यादव, अनुपम दुबे, अनुज, अर्पित शर्मा, शिवम, अभिषेक, महेंद्र भदौरिया, रोहित, अलीशान, गौरव यादव, शैला शाक्य आदि मौजूद रहे। सभी ने रेप पीड़ित बच्ची के जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की।
उधर, बकेवर में जनता कालेज बकेवर के युवा छात्रसंघ नेता आदित्य मोहन शर्मा ने दिल्ली में बढ़ रही बलात्कार की घटनाओं पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहाकि जो लोग रेप के आरोपों में पकड़ गए हैं उन्हें फांसी दी जाए। छात्रसंघ उपाध्यक्ष संजय चौधरी, जितेंद्र सिंह, रवींद्र सिंह, चंचल चौधरी, शिवम त्रिपाठी आदि ने बलात्कार की घटनाओं को शर्मसार करने वाला बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
दिल्ली, अलीगढ़, बुलंदशहर एवं बाराबंकी में अबोध बच्चियों के साथ हुए अमानवीय व्यवहार के विरोध में ‘आम आदमी पार्टी’ के कार्यकर्ताओं ने सोमवार की शाम कैंडल मार्च निकालकर प्रार्थना सभा का आयोजन किया।
शहर के पक्कातालाब पर हुई प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने कहाकि आज देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराधों से खुद ही पता चलता है कि सरकारें इनको रोकने में फेल हो गईं हैं। जनसामान्य न्याय की मांग करता है तो उसकी आवाज को सरकारी तंत्र के बल पर दबाने का प्रयास किया जाता है। दिल्ली में हुए गैंगरेप में पुलिस की निष्क्रियता सामने आई थी और आज फिर दिल्ली में पुलिस का वही दागदार चेहरा सामने आया है। प्रार्थना सभा में माधुरी वर्मा, अंशिका यादव, अनुष्का यादव, प्रभावती वर्मा, आकांक्षा यादव, पूनम जैन, अजय जैन, कमल चौधरी, आदित्य वर्मा, संजीव वर्मा, हरीशंकर पटेल, रामनारायण जैन, अलंकार पटेल, अमन जैन, रमेश यादव आदि मौजूद रहे।