इटावा। हाई स्कूल और इंटर बोर्ड की परीक्षाएं मंगलवार को जिले के 92 परीक्षा केंद्रों पर चाक चौबंद व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। हाईस्कूल के कुल 29,633 परीक्षार्थियों में से पहले दिन 3821 गैर हाजिर रहे। वहीं अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पहली पारी में हाईस्कूल का एक परीक्षार्थी पकड़ा गया। सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र कुमार शर्मा और सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर भ्रमण करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से सभी परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा।
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत हाईस्कूल के 29633 और इंटर के 20108 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इन परीक्षार्थियों के लिए कुल 92 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मंगलवार को सुबह 7:30 बजे से पहली पाली में हाईस्कूल परीक्षा का हिंदी पेपर हुआ। दोपहर 2 बजे से दूसरी पाली में इंटर का भौतिक विज्ञान एवं व्यापारिक संगठन का पेपर हुआ।
नकल विहीन परीक्षा कराने के क्रम में कई कालेजों में नकल रोकने के प्रबंध भी दिखे। गेट पर ही परीक्षार्थियों की चेकिंग की जाती रही। सुबह की पारी में हाईस्कूल के 3821 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे, जबकि जसवंतनगर क्षेत्र के असित इंटर कालेज अंडावली कुकावली केंद्र पर एक परीक्षार्थी हिंदी के पेपर में नकल करते पकड़ा गया।