इटावा। लोहिया आवास योजना एवं अन्य विकास कार्यों में लापरवाही बरतने पर डीएम पी गुरुप्रसाद ने बीडीओ सैफई को प्रतिकूल प्रविष्टि, ग्राम पंचायत अधिकारी इम्तियाज को निलंबित करने, ग्राम पंचायत अधिकारी मनोज कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि व संविदा पर कार्यरत तकनीकी सहायक हरदेव सिंह को हटाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने यह कार्रवाई तहसील दिवस के दौरान की। डीएम श्री प्रसाद एवं सीडीओ डा. अशोक चंद्र ने सैफई के बीडीओ एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों से मुख्यमंत्री की अति महत्वाकांक्षी ग्रामीण आवासहीनों के लिए लागू उक्त योजना के पात्रों के सर्व की पूछताछ की। जिस पर ग्राम पंचायत अधिकारी इम्तियाज की अपने क्षेत्र की कोई सूची ही तैयार नहीं पाई गई। उनके द्वारा शौचालय भी नहीं बनवाए गए। गांव में मनरेगा के कार्य भी अपूर्ण बताए गए।
इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए। एक अन्य ग्राम पंचायत अधिकारी मनोज कुमार के द्वारा भी उक्त योजना की समुचित पात्रता सूची तैयार न कराए जाने और धनराशि होने पर भी मनरेगा के कार्य धीरे कराने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
मनरेगा कार्यो के स्टीमेट तैयार न करने पर तकनीकी सहायक हरदेव सिंह को संविदा से हटाने के निर्देश डीएम ने दिए। लोहिया आवास योजना की पात्रता सूची तैयार करने में शिथिल पर्यवेक्षण एवं लापरवाही बरतने के लिए बीडीओ के खिलाफ भी प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। डीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारियों से लोहिया आवास योजना की पात्रता एवं अन्य विवरण की जानकारी मांगी तो वह समुचित जवाब नहीं दे सके। इस पर डीएम ने असंतोष व्यक्त किया। डीएम ने आगाह किया कि पात्रता सूची पूरी तरह से सही हो। गलत सूची नहीं होनी चाहिए।