इटावा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस से एक दिन पहले गुरुवार को शहर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। तहसील परिसर, केकेडीसी, इस्लामियां व जीजीआईसी में शपथ दिलाई गई। वहीं इस्लामियां इंटर कालेज के बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से गली-गली घूमकर लोगों को मतदाता बनने के प्रति जागरूक किया गया।
रैली से पहले इस्लामियां इंटर कालेज प्रांगण में मतदाता जागरूकता समारोह हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद नगर मजिस्ट्रेट सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि भारत एक मजबूत लोकतांत्रिक देश है। इसमें मतदाता का जागरूक होना महत्वपूर्ण है। इसलिए बच्चों को चाहिए कि वह अपने घर के प्रत्येक सदस्य जो एक जनवरी 2013 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें।
समारोह के अध्यक्ष एसडीएम सदर शैलेंद्र भाटिया ने मुख्य आयुक्त का संदेश पढ़कर छात्रों को सुनाया। उन्होंने कहा कि जब तक देश का मतदाता जागरूक नहीं होगा तब तक एक ईमानदार और सुदृढ़ लोकतांत्रिक राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मु. तारिक ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर ने संयुक्त रूप से रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली नौरंगाबाद चौराहा, नयाशहर चौराहा, रामगंज चौराहा तथा नेविल रोड से शाहकमर, उर्दू मुहल्ला होती हुई विद्यालय पर पहुंचकर समाप्त हुई।
एसडीएम सदर शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस कचहरी प्रांगण में मनाया जाएगा। 25 जनवरी को सुबह दस बजे से जीजीआईसी में निबंध प्रतियोगिता होगी। कचहरी वटवृक्ष के नीचे सुबह दस से ग्यारह बजे तक गीत गायन प्रतियोगिता होगी। 11 बजे के बाद भाषण प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मैडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर सभी अधिकारी व कर्मचारियों को शपथ भी दिलाई जाएगी।