इटावा। जगह-जगह जर्जर होकर झूल रहे बिजली के तार हादसों की वजह बन रहे हैं। सपा सरकार के सत्तारूढ़ होने पर जिले में जर्जर विद्युत तारों को बदलने की सुगबुगाहट सुनाई पड़ी थी, लेकिन अभी तक यह क्रियान्वित नहीं हुआ। ठंड में लोड बढ़ने से तारों में आए दिन फाल्ट हो रहे है। तारों के टूटकर गिरने से खतरा तो रहता ही है साथ ही बिजली भी गुल हो जाती है। बीते दिनों इस तरह की तमाम घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में जिले के बाशिंदे एक ही सवाल उठाते हैं कि आखिर कब बदले जाएंगे, जर्जर होकर लटक रहे तार। कहीं विद्युत महकमे को किसी बड़े हादसे का इंतजार तो नहीं है। उधर, विभागीय लोगों से पता चला कि लाइनों को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने के लिए पर्याप्त कर्मचारी नहीं है। संविदा के आधार पर लगे कर्मचारियों से ही काम चलाया जा रहा है। इससे रूटीन का काम ही बामुश्किल निपट पा रहा है।
उधर, जर्जर लाइनों के कारण शार्ट सर्किट से आगजनी की घटनाएं भी खूब हो रही है। पिछले सप्ताह ही बिजली शार्ट सर्किट से आग लगने की कई घटनाएं हुई। कुछ लोगों की तो पूरी दुकान ही आग की भेंट चढ़ गई। दो दिन पहले ही कटरा सेवाकली में सोनी स्टूडियों की दुमंजिला दुकान शार्ट सर्किट के पूरी तरह जलकर खाक हो गई। रामलीला रोड स्थित महक जनरल स्टोर में भी शार्ट सर्किट से लगी आग में सब कुछ जल गया। भरथना चौराहा पर मां वैष्णों मोबाइल सेंटर में भी बिजली शार्ट सर्किट के कारण आग लगी। कांशीराम कॉलोनी में जनरल स्टोर का रखा खोखा शार्ट सर्किट के कारण पूरी तरह से राख हो चढ़ गया।
केस हिस्ट्री-एक
पुरबियाटोला मार्ग पर बिछी बिजली की लाइनें काफी जर्जर नजर आती है। इसके चलते लाइनें झूलकर आपस में इतने नजदीक आ चुकी है कि हवा चलने पर आपस में टकरा जाती हैं। फलस्वरूप फाल्ट से उठने वाली चिंगारी से अचानक भगदड़ उत्पन्न हो जाती है। तारों के आपस में लड़ने से लाइनें फाल्ट में चली जाती है इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।
केस हिस्ट्री-दो
गांव मनियांमऊ में भी बिजली की बिछी लाइनें वर्षो पुरानी हो चुकी हैं। इस कारण अब लाइनें पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। झूल रही बिजली की ये लाइनें आपस में टकराती रहती हैं, जिसके कारण ट्रांसफार्मर भी फुंक जाते है। पिछले तीन माह से जर्जर लाइनों के कारण चार बार ट्रांसफार्मर फुंक चुके है। एक बार ट्रांसफार्मर फुंकता है तो उसको बदलने में ही 15-20 दिन लग जाते हैं और दो चार दिन आपूर्ति दे पाता है कि फिर से ट्रांसफार्मर फुंक जाता है। अभी भी ट्रांसफार्मर के फुंके होने के कारण आपूर्ति ठप बनी हुई है।
वर्जन:
देहात क्षेत्रों में जर्जर तारों को बदले जाने का कार्य चल रहा है। शहरी क्षेत्र में आरएपीडीआरपी योजना के अंतर्गत बिजली के तारों को बदले जाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सामान आने लगा है। 15 जनवरी के बाद से यह कार्य शुरू हो जाएगा।
-डीआर मौर्या, अधीक्षण अभियंता विद्युत