इटावा। कोहरे के कहर ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। रविवार को भी शताब्दी सहित अधिकांश ट्रेनें घंटों देरी से यहां पहुंचीं। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री इधर-उधर भटकते रहे। रेलवे अधिकारियों ने भी कह दिया कि घने कोहरे से ट्रेनें निर्धारित समय से लेट हो रहीं हैं।
शनिवार से शुरू हुआ कोहरे का कहर रविवार की सुबह ज्यादा नजर आया। घने कोहरे से आसपास की चीजें भी नहीं दिखाईं दे रहीं थीं। घने कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए हैं। रविवार को कोहरा होने की वजह से अधिकांश ट्रेनें निर्धारित समय से घंटों विलंब से पहुंचीं। दिल्ली की ओर जाने वाली गोमती एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, पूर्वा एक्सप्रेस दस घंटे, लाल किला एक्सप्रेस साढ़े 14 घंटे, नार्थईस्ट एक्सप्रेस तीन घंटे, तूफान एक्सप्रेस 6 घंटे, महानंदा एक्सप्रेस दस घंटे, कालका एक्सप्रेस 6 घंटे तथा मरूधर एक्सप्रेस आठ घंटे देरी से आने की सूचना रेलवे से मिली है।
वहीं लखनऊ की ओर जाने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस सवा दो घंटे, जोधपुर हावड़ा एक्सप्रेस ढाई घंटे, आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस तीन घंटे, मुरी एक्सप्रेस चार घंटे, कैफियत एक्सप्रेस 12 घंटे, जनता एक्सप्रेस 14 घंटे, नार्थईस्ट एक्सप्रेस 8 घंटे, नीलांचल एक्सप्रेस ढाई घंटे तथा महानंदा एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से आने की सूचना रेलवे अधिकारियों ने दी। ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण दिनभर यात्री इधर उधर भटकते रहे।