इटावा। रणवीर सिंह स्मृति सैफई महोत्सव में बृज के नृत्यों, गीतों और फाग गायन की धूम रहेगी। उद्घाटन वाली शाम को मुंबई की प्रख्यात भजन गायिका रिचा शर्मा और राकेश काला देवी जागरण का कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसमें देवी मां की भेंटों के साथ ब्रज में गाए जाने वाली लंगुरिया भी गूंजेगी।
महोत्सव के कार्यकारी प्रबंधक वेदव्रत गुप्ता ने बताया कि 14 दिसंबर को उद्घाटन के मौके पर मास्टर चंदगीराम स्टेडियम में लोकधारा कार्यक्रम होगा। इसके अलावा महोत्सव मंच पर पंडित मुरारीलाल शर्मा ब्रज के रंग बिखेरेंगे। उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर की रात सुप्रसिद्ध ब्रज नृत्यांगना गीतांजलि शर्मा शाम 7 बजे से एक घंटे का ब्रजरास का कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। 20 दिसंबर को ब्रज की एक और नृत्यांगना विनीता देवी एण्ड पार्टी मंच पर भगवान कृष्ण और राधा क ा प्रेम प्रदर्शित करते हुए ब्रज के कार्यक्रम पेश करेंगी। 21 दिसंबर को नई दिल्ली की शिवांगी शर्मा एण्ड पार्टी ब्रज के फॉक डांस मंच पर प्रदर्शित करने आ रही है। उन्हाेंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महोत्सव पंडाल में 15 व 16 दिसंबर दो दिन तक फाग गायन की गूंज के साथ दिसंबर माह में बसंती होली के रंग बिखेरेंगे।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष सांसद बंदायू धर्मेंद्र यादव तथा संयोजक ब्लाक प्रमुख सैफई तेजप्रताप सिंह यादव ने बताया कि समिति अपने मूल उद्देश्य लोककला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य को कार्यक्रमों के आयोजनों में प्रमुखता दे रही है।